
बीच सड़क लकड़ी रखकर रोका रास्ता, कट्टा दिखाकर व्यापारी से ₹50 हजार की लूट
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक व्यापारी के साथ दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश बदमाशों ने रास्ता रोककर कट्टा अड़ाया और व्यापारी से करीब 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
लकड़ी रखकर रोका रास्ता
मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी संतोष गुप्ता (45) चिल्हर व्यापारी हैं। वे अपने हेल्पर नंदकिशोर दास के साथ पिकअप वाहन से धान, चावल और महुआ खरीदी के लिए गांव गए थे। खरीदारी के बाद वापस लौटते समय रामपुर लम्ती नाला डेम के पास बदमाशों ने सड़क पर मोटी लकड़ी रखकर उनका रास्ता रोक दिया।
कट्टा अड़ाकर की लूट
जैसे ही हेल्पर लकड़ी हटाने के लिए नीचे उतरा, उसी समय बाइक सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। उन्होंने कट्टा दिखाकर व्यापारी को डराया और बैग में रखे करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने वाहन की चाबी और मोबाइल भी छीन लिया तथा गाड़ी की तलाशी ली।
खम्हार रोड की ओर फरार
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन को बीच सड़क में छोड़कर खम्हार मार्ग की ओर फरार हो गए। इसी दौरान एक राहगीर ने घटना की जानकारी ली, जिस पर उसने बताया कि चारों आरोपी दो बाइक में खम्हार रोड की ओर भागे हैं।
अगले दिन दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद अंधेरा होने के कारण पीड़ित व्यापारी घर लौट गया और अगले दिन पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


