बेलगावी में हिंडाल्को ने शुरू किया देश का पहला सुपरफाइन PPT ATH संयंत्र, 100% हरित ऊर्जा से होगा संचालन

बेलगावी। आदित्य बिड़ला समूह की धातु कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने कर्नाटक के बेलगावी में देश का पहला सुपरफाइन PPT ATH (Precipitated Aluminium Trihydrate) विनिर्माण संयंत्र शुरू किया है। इसके साथ ही भारत में पहली बार इस विशेष एल्युमिना उत्पाद का घरेलू स्तर पर उत्पादन शुरू हो गया है।

30,000 टन सालाना क्षमता वाले इस संयंत्र से वायर एवं केबल, पॉलिमर इंसुलेटर, थर्मल इंसुलेशन, कंपोजिट, पेंट और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। संयंत्र को भविष्य में चरणबद्ध तरीके से 60,000 टन सालाना तक विस्तारित किया जा सकता है।

अग्निरोधी उत्पादों की घरेलू मांग को मिलेगा सहारा

PPT ATH एक उच्च मूल्य वाला हैलोजन-मुक्त फ्लेम रिटार्डेंट पदार्थ है। इसका इस्तेमाल खासतौर पर HFFR केबल, पॉलिमर इंसुलेटर और थर्मल इंसुलेशन जैसे अनुप्रयोगों में किया जाता है। यह आग के फैलाव और धुएं को नियंत्रित करने में मदद करता है तथा हैलोजन युक्त अम्लीय गैसों के उत्सर्जन से बचाता है।

देश में बढ़ते अग्नि-सुरक्षा मानकों, इलेक्ट्रिक वाहनों और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के बीच ऐसे उत्पादों की मांग बढ़ रही है। भारत में HFFR केबल के लिए IS 17048:2018 मानक भी लागू है।

60 हजार टन तक बढ़ाई जा सकेगी उत्पादन क्षमता

हिंडाल्को के अनुसार शुरुआती चरण में संयंत्र की क्षमता 30,000 टन प्रति वर्ष है। कंपनी का दावा है कि इससे वायर एवं केबल उद्योग की घरेलू जरूरतों का बड़ा हिस्सा पूरा किया जा सकेगा। भविष्य में उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 60,000 टन सालाना करने की योजना है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक सतीश पई ने कहा कि बेलगावी में सुपरफाइन प्रिसिपिटेटेड हाइड्रेट संयंत्र शुरू होने से स्पेशलिटी एल्युमिना के क्षेत्र में कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने इसे उच्च मूल्यवर्धित उत्पादों और नई तकनीक पर कंपनी के फोकस से जोड़कर देखा।

कंपनी ने खुद विकसित की तकनीक

कंपनी के मुताबिक, संयंत्र को उसकी ‘फ्लास्क से फैक्ट्री’ इनोवेशन यात्रा के तहत विकसित किया गया है। इसकी तकनीक और अनुसंधान एवं विकास क्षमता कंपनी के भीतर ही तैयार की गई है।

संयंत्र में स्वचालित नियंत्रण प्रणाली और एकीकृत विनिर्माण व्यवस्था का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कच्चे माल और तैयार उत्पाद की गुणवत्ता में एकरूपता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

100% नवीकरणीय ऊर्जा से होगा उत्पादन

बेलगावी में शुरू किए गए संयंत्र की एक प्रमुख विशेषता इसका हरित उत्पादन मॉडल है। कंपनी के अनुसार यहां PPT ATH का उत्पादन 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा से किया जाएगा। इसके लिए बायोमास, सौर और पवन ऊर्जा स्रोतों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कंपनी का कहना है कि इससे उच्च प्रदर्शन वाले स्पेशलिटी उत्पादों का उत्पादन अपेक्षाकृत कम पर्यावरणीय प्रभाव के साथ किया जा सकेगा।

स्पेशलिटी एल्युमिना में हिंडाल्को की मजबूत मौजूदगी

हिंडाल्को के पास करीब 8 लाख टन सालाना स्पेशलिटी एल्युमिना उत्पादन क्षमता है और कंपनी 120 से अधिक ग्रेड के स्पेशलिटी एल्युमिना एवं एल्युमिना हाइड्रेट उत्पाद बनाती है। इनका इस्तेमाल रिफ्रैक्टरी, सिरेमिक, वायर एवं केबल, रेलवे, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, जल शोधन और अन्य उद्योगों में होता है।

कंपनी के अनुसार उसके स्पेशलिटी एल्युमिना उत्पाद 42 देशों में 1,000 से अधिक ग्राहकों की जरूरतें पूरी करते हैं। नए PPT ATH संयंत्र के साथ कंपनी ने अग्निरोधी और उन्नत सामग्री के क्षेत्र में अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का और विस्तार किया है।

Back to top button