बेलरगोंदी में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
छुरिया। राजनांदगांव जिले में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल राजनांदगांव एवं थाना गैंदाटोला पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बेलरगोंदी में अवैध शराब बिक्री करते एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेलरगोंदी निवासी संतोष कुमार साहू (50 वर्ष), पिता मदन लाल साहू अपने घर की परछी में महाराष्ट्र निर्मित शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी के कब्जे से 20 नग पोवा देशी दारू प्रीमियम सुपर डिलक्स संत्रा (महाराष्ट्र निर्मित) तथा बिक्री रकम 2500 रुपये बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4100 रुपये मूल्य की शराब एवं नकदी जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध दर्ज किया। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। साथ ही उसके विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक मंजुलता बाज के निर्देशन और मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब, गांजा तस्करी तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




