महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए सभी विभाग समन्वित होकर करें प्रभावी कार्रवाई : एसएसपी शशि मोहन सिंह

जिला स्तरीय समिति की बैठक में महिला सुरक्षा, मानव तस्करी रोकथाम और पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण तथा पुनर्वास संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने महिला अपराध और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और पुनर्वास योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीड़ितों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर कार्यों की सतत समीक्षा की जाएगी और सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महेश पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी एल.आर. कच्छप, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत दुबे, उप संचालक समाज कल्याण शिव कुमार पाण्डेय, महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी चैताली राय, महिला थाना से सरस्वती महापात्रे, डायल-112 प्रभारी पुष्पेन्द्र कुमार श्याम, अधिवक्ता रीतू सिंह तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button