राजनांदगांव: सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर 3.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी सुरगी क्षेत्र के ग्राम धामनसरा निवासी तरुण निषाद की वर्ष 2021 में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानाटोला निवासी दुर्गेश कुमार यादव (22) से पहचान हुई थी। आरोपी अपने मौसा के घर धामनसरा आया हुआ था और खुद को जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबारी बताता था।
आरोपी ने मोबाइल में जमीन की तस्वीरें दिखाकर कम कीमत में जमीन दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों के बीच 3.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 3.50 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने न तो जमीन दिलाई और न ही पैसे वापस किए। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एसपी-125 मोटरसाइकिल (CG-08-AY-3881) तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

