रायगढ़ : दो बाइक चोर गिरोहों का खुलासा, 8 आरोपियों से 10 मोटरसाइकिलें बरामद
रायगढ़। जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो बाइक चोर गिरोहों का खुलासा किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने 9 और लैलूंगा पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में बीएस कंपनी कॉलोनी, तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी बाइक 30 अक्टूबर की शाम कमरे के सामने खड़ी थी, जो बाद में गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने 2 नवंबर को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बंजारी मंदिर जंगल में एक गुम मोबाइल की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। इस दौरान राजू चौहान और उसके साथियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ।
पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने तराईमाल की बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से मोटरसाइकिलें तथा मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रात में घूमकर वाहन चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। उनकी निशानदेही पर 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद वाहनों की कीमत करीब 6 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।
अलग-अलग कंपनियों की मोटरसाइकिलें बरामद
पूंजीपथरा पुलिस ने जिन वाहनों को बरामद किया है, उनमें बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा आर-15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर एनएक्सजी और टीवीएस विक्टर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसी आधार पर दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास के पूर्व में भी बाइक और तांबा चोरी के मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
लैलूंगा में चोरी की पल्सर बेचने की तैयारी
दूसरी कार्रवाई लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुई। ग्राम सराईटोला निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड के मुख्य मार्ग किनारे बाइक खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर के अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखे हुए हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बाइक बेचने के उद्देश्य से उसके कुछ हिस्सों में बदलाव कर उसे नया रूप देने की कोशिश की थी। उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने सूचना तंत्र और आपसी समन्वय के आधार पर चोरी के 10 वाहन बरामद किए हैं। वाहन चोरी में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीमें: पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन सहित पुलिस टीम तथा लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।


