रायगढ़ में जमीन विवाद में मां की हत्या: छाल पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया अंधा कत्ल

रायगढ़, 24 अप्रैल 2026: छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद से जुड़े एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


लापता महिला की सूचना से खुला मामला

22 अप्रैल को लोकनाथ राठिया ने अपनी मां केवला बाई राठिया (70 वर्ष) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने चचेरे भाई आशन राठिया पर जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका जताई थी।


जंगल में मिला सड़ा-गला शव

इसी दौरान बेहरामार-जामपाली मार्ग के जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों के बीच गड्ढे में महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया, जिसकी पहचान केवला बाई के रूप में हुई।


जमीन विवाद में की हत्या

जांच में सामने आया कि जमीन बंटवारे को लेकर आरोपी आशन राठिया का अपनी बड़ी मां से विवाद था। 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी ने हाथ-मुक्कों व लात-घूसों से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।


शव को बाइक में ले जाकर जंगल में फेंका

घटना के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया, ताकि मामला छिपा रहे।


पूछताछ में टूटा आरोपी, बाइक जब्त

पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।


आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड

आरोपी आशन राठिया (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जमीन या पारिवारिक विवाद में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। ऐसे जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button