रायगढ़ में ‘विधिक प्रतिबिम्ब’ पुस्तक का विमोचन, कानून से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को किया गया शामिल
रायगढ़। कानून और अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित पुस्तक ‘विधिक प्रतिबिम्ब’ का रायगढ़ में विमोचन किया गया। पुस्तक का विमोचन पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने किया। लेखक शंखदेव मिश्रा द्वारा लिखी गई इस पुस्तक में आपराधिक, सामाजिक, राजस्व और अन्य कानूनी विषयों को सरल एवं व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानूनों पर विशेष सामग्री
पुस्तक में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों को शामिल किया गया है। इसमें महिलाओं के प्रति अपराध, बलात्कार एवं सामूहिक बलात्कार, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज संबंधी अपराध, महिला अपहरण, गर्भपात, पुनर्विवाह, विवाह-विच्छेद और भरण-पोषण से जुड़े कानून शामिल हैं।
इसके अलावा घरेलू हिंसा, बाल विवाह, सती प्रथा उन्मूलन, एसिड अटैक और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) जैसे विषयों को भी पुस्तक में जगह दी गई है।
साइबर फ्रॉड से लेकर राजस्व कानून तक की जानकारी
पुस्तक में केवल आपराधिक कानून ही नहीं, बल्कि आम लोगों और कानून के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी कई अन्य विषयों को भी शामिल किया गया है। इसमें आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम, संपत्ति के वैध अंतरण, राजस्व न्यायालय से संबंधित धाराएं, चकबंदी, आबादी भूमि और बेजाकब्जा जैसे विषयों की जानकारी दी गई है।
इसके साथ कृषि एवं वन कानून, वाहन संबंधी कानून, शांति भंग से संबंधित प्रावधान, साइबर अपराध और बैंकिंग फ्रॉड, लोक अदालत तथा मध्यस्थता जैसे विषय भी पुस्तक का हिस्सा हैं।
अधिवक्ताओं और विधि विद्यार्थियों के लिए संदर्भ सामग्री
विमोचन कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं और कानून से जुड़े लोगों ने पुस्तक को व्यावहारिक दृष्टि से उपयोगी संदर्भ सामग्री बताया। उनका कहना था कि अलग-अलग कानूनी विषयों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराने से इसका उपयोग कानून के विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों के लिए किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून और न्यायिक प्रक्रिया में लगातार बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में सरल भाषा में तैयार की गई विधिक सामग्री से अधिवक्ताओं, विधि विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों को समझने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में अधिवक्ताओं की मौजूदगी
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में सुनील सिंह ठाकुर, सत्यजीत शर्मा, चूड़ामणि बेहरा, महेंद्र सिंह यादव और उपासना होता सहित अन्य अधिवक्ता एवं कानून से जुड़े लोग मौजूद रहे।











