रायगढ़ : लैलूंगा में अंधे कत्ल का खुलासा, मामूली विवाद में दोस्त ने ली दोस्त की जान; हत्यारा गिरफ्तार
लैलूंगा (रायगढ़): लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में हुई युवक रामनाथ उर्फ सोनू चौहान की नृशंस हत्या की गुत्थी को 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। मृतक के दोस्त ने ही आपसी रंजिश के चलते शील पत्थर (सिलबट्टा) से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और डॉग स्क्वाड की मदद से आरोपी को धर दबोचा।
घटना का संक्षिप्त विवरण
12 जुलाई 2026 की रात ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ का शव घर की परछी में पड़ा है। शव के पास ही भारी वजनी शील पत्थर पड़ा था, जिससे उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें थीं। लैलूंगा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने पहुंचाया कातिल तक
पुलिस की जांच में डॉग स्क्वाड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉग मास्टर विरेंद्र अनंत द्वारा पुलिस डॉग ‘रूबी’ को घटनास्थल पर छोड़े गए सुरागों (जिसमें एक गमछा भी शामिल था) को सूंघाया गया। ‘रूबी’ सीधे मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंची और उसे चिन्हित किया। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
क्या थी हत्या की वजह?
आरोपी भुवनेश्वर यादव ने बताया कि घटना वाली रात वह और रामनाथ साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद फिर से भड़क गया। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोपी भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष) पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल की सजा काट चुका है। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने गए उसके कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और उनकी टीम ने वैज्ञानिक तरीके से इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया। एसएसपी ने इस उत्कृष्ट विवेचना और डॉग ‘रूबी’ की मदद से मिले सुरागों की सराहना की है। हत्या के आरोपी भुवनेश्वर यादव को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



