रायगढ़ : शोरूम यार्ड से 4 एक्टिवा चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 4.50 लाख की संपत्ति बरामद
जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में दो पुरानी बाइक चोरी का भी खुलासा
रायगढ़, 7 सितंबर 2026। शहर में वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा स्कूटी चोरी की थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चारों स्कूटी बरामद कर ली हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
14 से 17 अगस्त के बीच चोरी हुई थीं चार स्कूटी
पुलिस के अनुसार, 14 से 17 अगस्त 2026 के बीच शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा गायब हुई थीं। इस संबंध में 20 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद जूटमिल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की स्कूटी दो संदिग्धों के पास मौजूद हैं। इसके बाद मार्शल यादव (26), निवासी मिट्ठुमुड़ा-गांधीनगर और सुनील सारथी (34), निवासी भजनडीपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
घर के नीचे छिपाकर रखी थीं चोरी की स्कूटियां
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने शोरूम यार्ड में घुसकर स्कूटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि यार्ड में नई स्कूटियां खड़ी थीं और कुछ वाहनों में चाबी लगी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा चोरी कीं।
पुलिस का कहना है कि चोरी की गई स्कूटियों को सुनील सारथी के नगर निगम कॉलोनी स्थित मकान के नीचे छिपाकर रखा गया था। दोनों कथित तौर पर इन वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। उनकी निशानदेही पर चारों एक्टिवा बरामद कर ली गईं।
पूछताछ में दो पुरानी बाइक चोरी भी सामने आई
विस्तृत पूछताछ के दौरान मार्शल यादव ने करीब दो महीने पहले HF Deluxe मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी पुलिस को बताई। पुलिस के मुताबिक बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद उसे पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड के पास छोड़ दिया गया था। यह बाइक पुलिस को पहले ही लावारिस हालत में मिल चुकी थी।
इसी तरह करीब एक महीने पहले गांधीनगर-काशीराम चौक से Dream Yuga मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी सामने आई। आरोपी के अनुसार पेट्रोल खत्म होने के बाद बाइक को कोड़ातराई के पास छोड़ दिया गया था। इसे भी पुलिस पहले बरामद कर चुकी थी।
चक्रधरनगर और कोतवाली क्षेत्र की चोरियों की भी जांच
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मार्शल यादव ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी है। इन दावों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक मार्शल यादव के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी के मामले दर्ज रहे हैं। पिछले महीने चक्रधरनगर पुलिस ने छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।
जूटमिल पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई से शोरूम यार्ड से हुई चार स्कूटी चोरी समेत कुल तीन वाहन चोरी के मामलों का खुलासा होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है।












