
सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, BJP विधायक और समर्थकों पर शिकायत
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजापुर उप तहसील कार्यालय में हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जमीन संबंधी फाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े शाख शोध पत्र के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों से फाइल का काम लंबित था और उन्हें लगातार दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
बुधवार को जब सीमा धनकी फिर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं, तब फाइल पर हस्ताक्षर को लेकर नायब तहसीलदार और उनके बीच विवाद हो गया। सीमा धनकी का आरोप है कि अधिकारी ने फाइल फेंक दी और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा।
समर्थकों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि शाम के समय विधायक रामकुमार टोप्पो ने नायब तहसीलदार को वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौजूद थे।
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का कहना है कि विधायक और उनके समर्थक पहले से आक्रोशित थे। बातचीत के दौरान समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और कपड़े भी फाड़ दिए। उन्होंने विधायक पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।
एसडीएम ने किया बीच-बचाव
विवाद बढ़ने पर एसडीएम फागेश सिन्हा ने हस्तक्षेप किया और नायब तहसीलदार को वहां से बाहर निकालकर अपने साथ अंबिकापुर ले गए। घटना के बाद राजस्व अधिकारियों ने अंबिकापुर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
विधायक पक्ष ने भी लगाए आरोप
वहीं विधायक पक्ष का कहना है कि सीमा धनकी के साथ कार्यालय में अभद्र व्यवहार किया गया। विधायक और उनकी बहन ने भी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट
सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने पूरे मामले की जानकारी एसडीएम और नायब तहसीलदार से ली। कलेक्टर ने कहा कि मारपीट की शिकायत मिली है और मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


