सरगुजा : सीतापुर में दिनदहाड़े करीब एक करोड़ के जेवरात से भरा बैग चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

ज्वेलरी दुकान के बाहर स्कूटी के पास रखा था बैग, पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश में जुटी

सरगुजा। जिले के सीतापुर में रविवार को दिनदहाड़े उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने एक ज्वेलरी कारोबारी का सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बैग में रखे जेवरात की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दुकान खोलने पहुंचे थे संचालक

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास आभूषणों से भरा बैग रखा था। पुलिस के अनुसार, इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गया।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्ध की तलाश के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button