सारंगढ़-बिलाईगढ़ में स्कूल-कॉलेज वाहनों की फिटनेस जांच, चालकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को स्कूल एवं कॉलेज वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस जांच के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बसों की तकनीकी जांच के साथ-साथ वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी किया गया।
यह शिविर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन में खेलभांठा मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आरटीओ और यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
शिविर के दौरान स्कूल एवं कॉलेज बसों के हॉर्न, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड किट, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), इंडिकेटर, इमरजेंसी गेट, अग्निशामक यंत्र तथा खिड़कियों पर लगी सुरक्षा जालियों की गहन जांच की गई। साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए, ताकि बच्चों के परिवहन में किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही न हो।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय ने वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सभी संचालकों को वाहनों की तकनीकी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चालक और प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ अधिकारियों ने सभी वाहनों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी जारी किए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


