किरंदुल में स्कूली बच्चों के लिए बस सुविधा की मांग तेज, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
किरंदुल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 (रेलवे कॉलोनी) एवं वार्ड क्रमांक 18 (पटेल पारा, मिश्रा कैंप, CSEB कॉलोनी एवं पटवारी पारा) के स्कूली विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नागरिकों एवं अभिभावकों ने जिला कलेक्टर, दंतेवाड़ा को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि इन वार्डों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन शहर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अध्ययन हेतु आवागमन करते हैं। लेकिन इन क्षेत्रों से विद्यालयों तक पहुंचने के लिए नियमित और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चों एवं छात्राओं को पैदल या अन्य असुविधाजनक साधनों से स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना रहता है और समय पर विद्यालय पहुंचना भी कठिन हो जाता है।
अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर वे लगातार चिंतित रहते हैं। इस समस्या को देखते हुए नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 17 एवं 18 के विद्यार्थियों के लिए नियमित स्कूल बस सुविधा शुरू की जाए।
साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया है कि इस बस सुविधा का संचालन NMDC BIOM कॉम्प्लेक्स, किरंदुल के माध्यम से CSR (सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत या अन्य उपयुक्त व्यवस्था के जरिए कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन मिल सके।
ज्ञापन के अंत में नागरिकों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन से इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने की अपील की है, जिससे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके और उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।



