नौतपा का कहर: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी जारी, कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के करीब

छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिला। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिनभर झुलसाने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले तीन दिनों तक राहत की संभावना कम बताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

29 मई के बाद मौसम बदलने के संकेत

मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने के साथ कई इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, रायपुर में भी तपिश बरकरार

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी पारा 44.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर और पेंड्रारोड में भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

तेज गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को धूप से बचने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

Back to top button