बेमौसम बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता, धान की खड़ी और कटी फसल को नुकसान की आशंका
बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफान के असर से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, और जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में धान की कटी और खड़ी फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इसी क्रम में बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह से लवन क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सुबह से ही रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने लगी है। वहीं, खेतों में कटाई के बाद रखी गई धान की फसल के भी बारिश से प्रभावित होने की आशंका है। यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इस वर्ष समय-समय पर हुई बारिश के चलते किसानों को धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। किसानों ने बेहतर फसल के लिए कड़ी मेहनत की थी, लेकिन कटाई के समय हो रही बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है। इससे किसान अपनी मेहनत और फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
बुधवार को दिनभर रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। वहीं, मौसम की अनिश्चितता ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। अब किसानों को मौसम साफ होने और अपनी फसल को सुरक्षित रखने की उम्मीद है।
