भिलाई स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, पुशर कार की चपेट में आने से ठेका मजदूर की मौत

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह काम के दौरान एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय विनोद कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा सुबह करीब 8:50 बजे पुशर कार नंबर-2 के पास हुआ।

मशीन की जांच करने नीचे गया था मजदूर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार के संचालन में परेशानी की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद विनोद कुमार मशीन की जांच करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह पुशर कार के नीचे जाकर कपलिंग, बेल्ट और अन्य हिस्सों की स्थिति देख रहा था।

इसी दौरान अचानक पुशर कार चल पड़ी। मशीन के नीचे मौजूद विनोद को संभलने या वहां से बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका और वह उसकी चपेट में आ गया।

कुछ ही सेकंड में हुआ हादसा

मशीन की चपेट में आने से विनोद को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद बीएसपी के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। मशीन अचानक किस परिस्थिति में चालू हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

यूनियन नेताओं ने भी लिया घटनास्थल का जायजा

हादसे की सूचना के बाद ट्रेड यूनियन इंटक और बीएमएस से जुड़े नेता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा की।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पुशर कार तकनीकी खराबी के कारण चली या संचालन से जुड़ी किसी अन्य वजह से यह स्थिति बनी। हादसे के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

उतई के बजरंग नगर का रहने वाला था विनोद

मृतक विनोद कुमार करीब 45 वर्ष का था और दुर्ग जिले के उतई के बजरंग नगर का निवासी बताया गया है। वह भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस-6 में ठेका श्रमिक के तौर पर काम कर रहा था।

गौरतलब है कि बीएसपी में हाल के दिनों में काम के दौरान ठेका श्रमिकों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। 15 सितंबर को कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के एमसीआर-3 क्षेत्र में मशीन की चपेट में आने से 33 वर्षीय ठेका श्रमिक ललित कुमार साहू की मौत हुई थी।

मंगलवार को हुई नई घटना के बाद प्लांट में ठेका श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल हादसे की जिम्मेदारी और कारणों को लेकर बीएसपी की जांच का इंतजार है।

Back to top button