मछली कारोबारी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, 40 से अधिक वार; कई संदिग्ध हिरासत में

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक मछली कारोबारी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। सिहावा थाना क्षेत्र के गोरेगांव के पास देर रात अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी पर 40 से अधिक वार किए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मृतक की पहचान विपलभ मंडल (55) निवासी बोइरगांव दर्रीपारा, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। वह मछली का कारोबार करते थे। घटना के समय वह अपने साथी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया।

साथी की आंखों में झोंका मिर्च पाउडर

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले विपलभ मंडल के सिर पर हमला किया। इसके बाद उनके साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने विपलभ मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनके शरीर पर 40 से अधिक वार किए गए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण गंभीर रूप से घायल कारोबारी को नगरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुरानी रंजिश की आशंका

पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साइबर टीम भी घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच कर तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जल्द खुलासे का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पूछताछ और जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया गया है।

जिले में सनसनी

निर्मम तरीके से की गई इस हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिले में इस तरह की बर्बर हत्या की घटना पहली बार सामने आई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

Back to top button