रामभद्राचार्य पर टिप्पणी के विरोध में चिरमिरी में प्रदर्शन, चरणदास महंत के खिलाफ फूटा आक्रोश
चिरमिरी। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा जगतगुरु रामभद्राचार्य को लेकर दिए गए बयान के विरोध में चिरमिरी में सनातन समाज और श्रीराम कथा आयोजन समिति के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में रैली निकालकर महंत के बयान पर नाराजगी जताई और सार्वजनिक माफी की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान चरणदास महंत के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जगतगुरु रामभद्राचार्य पर की गई टिप्पणी से सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
पोस्टरों के जरिए जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान लगाए गए पोस्टरों में चरणदास महंत को रावण के रूप में दर्शाया गया। इससे पूरे इलाके में राजनीतिक और धार्मिक माहौल गरमा गया। चिरमिरी महापौर रामनरेश राय भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उनके साथ समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान दिया था बयान
जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान मीडिया ने चरणदास महंत से सवाल किया था कि क्या वे जगतगुरु रामभद्राचार्य की कथा में शामिल होंगे। इस पर उन्होंने कहा था कि वे उन्हें न जगतगुरु मानते हैं और न गांव का गुरु।
महंत ने यह भी कहा था कि रामभद्राचार्य भाजपा के प्रचारक हैं और राजनीतिक प्रचार के लिए आए हैं। इसी बयान के बाद विभिन्न जगहों पर विरोध शुरू हो गया है।
संतों के सम्मान की बात कही
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि धार्मिक संतों और सनातन परंपरा का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बयान पर माफी नहीं मांगी गई तो विरोध और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।


