रायगढ़: जनरल स्टोर का शटर उठाकर गुटखा और नकदी चोरी, एक युवक समेत 2 नाबालिग पकड़े गए

रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नकदी और गुटखा चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दो बोरियों में रखा चोरी का राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक घटना कालीबाड़ी, सिविल लाइन स्थित दीपक जनरल स्टोर की है। दुकान संचालक हरिचंद अम्बुवानी ने 27 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। अगले दिन लौटने पर दुकान का शटर क्षतिग्रस्त मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था।

जांच में दुकान से नकदी के अलावा राजश्री गुटखा के करीब 200 पैकेट, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई, गायब मिले।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान चोरी किए गए गुटखे को कम कीमत पर दुकानदारों को बेचने की बात कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

लोहे की रॉड से शटर उठाकर दुकान में घुसे थे

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 26-27 सितंबर की रात उन्होंने लोहे की रॉड की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाया और अंदर प्रवेश किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इसके बाद नकदी और गुटखे को लेकर आरोपी वहां से निकल गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम आपस में बांट ली गई थी। चोरी किए गए गुटखे को रेलवे ट्रैक के पास छिपाकर रखा गया था। बाद में आरोपियों ने अपने एक अन्य नाबालिग साथी को गुटखा बेचने के लिए एक बोरी दी थी।

दो बोरियों में मिला चोरी का गुटखा

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो छोटी बोरियों में रखा राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने युवक समेत दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है। चोरी के माल और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक दिग्विजय वैष्णव सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

Back to top button