रायपुर: नकटी गांव में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, विरोध के बीच हटाया गया अतिक्रमण

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली कार्रवाई, प्रभावित परिवारों को ईडब्ल्यूएस आवासों में किया गया शिफ्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में सोमवार तड़के जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों ने विरोध प्रदर्शन किया, अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की मांग की और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।

प्रशासन का दावा- शासकीय भूमि पर था अतिक्रमण

प्रशासन के अनुसार वार्ड क्रमांक 16 और 17 में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में राजस्व अधिकारियों, नगर निगम अमले और पुलिस बल की तैनाती रही। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी कराई गई तथा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी गई।

प्रभावित परिवारों को किया गया शिफ्ट

कार्रवाई के दौरान नगर निगम और प्रशासन की टीम ने प्रभावित परिवारों का सामान वाहनों के माध्यम से नवा रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों तक पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनका दावा है कि यहां उन्हें बिजली, पानी सहित अन्य सरकारी सुविधाएं मिलीं और कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला है। ऐसे में अब उसी भूमि को अतिक्रमण बताकर बेदखल किए जाने का उन्होंने विरोध किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कार्रवाई के दौरान गांव के प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने कहा है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button