
जशपुर बगीचा 18 मई 2021– आज बगीचा व्यापारी संघ के द्वारा प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक दुकान खोलने के संबंध में कलेक्टर जशपुर के नाम से बगीचा तहसीलदार अविनाश चौहान को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें लिखा हुआ है कि जशपुर जिले में लगातार लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के कारण जिले के समस्त व्यापारियों का एवं आम जनों का जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। लंबे समय से लगे लॉकडाउन में व्यापारियों की कमर तोड़ कर रख दी है, व्यापारियों को अपनी सभी निश्चित खर्च जैसे दुकान का किराया, कर्मचारियों का वेतन, बैंक लोन, बिजली बिल इत्यादि सभी खर्च वहन करने पड़ते हैं जिससे व्यापारी की स्थिति दयनीय हो गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सचिव उमाशंकर ठाकुर, सह सचिव पप्पू सोनी, मीडिया प्रभारी रित्विक जैन एवं कोषाध्यक्ष राजू जिंदल उपस्थित रहे।






