आयुष्मान 2.0 अभियान को 31 अक्टूबर 2021 तक बढ़ाया गया  

जशपुरनगर 01 अक्टूबर 2021/ राज्य नोडल एजेंसी के द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत् आयुष्मान 2.0 अभियान को 31 अक्टूबर 2021 तक बढ़ाया गया है। सीईओ राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा राज्य को कम-से-कम 95 प्रतिशत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड पंजीयन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
निर्देशानुसार जिले की प्रोजेक्ट वर्तमान जनसंख्या के अनुसार आयुष्मान कार्ड पंजीयन हेतु शेष हितग्राहियों के पंजीयन नहीं हो पाने के कारणों का अध्ययन करते हुए उनके आयुष्मान कार्ड पंजीयन हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। एसएनए द्वारा प्रदत्त छूटे हुए हितग्राहियों की सूची के अनुसार दो चरणों में ग्राम-वार्ड वार आयुष्मान कार्ड पंजीयन शिविर आयोजन हेतु योजना तैयार की जाए।उक्त शिविरों में ही च्वाइस सेंटरों को प्राप्त समस्त  PVC   कार्यों का वितरण किया जाना भी सुनिश्चित किया जाए। शिविर आयोजन के पूर्व मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, इत्यादि को छूटे हुए हितग्राहियों की सूची एवं सूचना पर्ची वितरित की जाए एवं इन कर्मचारियों के माध्यम से उक्त छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड पंजीयन के संबंध में वास्तविक जानकारी प्राप्त की जाए। शिविर का आयोजन का यथासंभव अधिक-से-अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, शिविर दिनांक में, ग्राम व वार्ड में मुनादी व माईकिंग की व्यवस्था की जाए, कार्य-योजना अनुसार शिविर आयोजन की सूचना देने हेतु दीवार लेखन अनिवार्यतः किया जाए। जिले के समस्त शासकीय-अर्धशासकीय कार्यालयों, निजी संस्थानों, महाविद्यालयों इत्यादि में कार्यरत समस्त कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से अभियान के दौरान अपना आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराने हेतु निर्देशित किया जाए।
 उल्लेखनीय है कि अभियान के दौरान एवं 31 अक्टूबर 2021 के उपरांत भी भर्ती मरीजों के आयुष्मान कार्ड पंजीकृत चिकित्सालयों में बनाए जाने की सुविधा जारी रहेगी। अभियान के दौरान कोविड संक्रमण प्रसार की रोकथाम हेतु केंद्र व राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन भी किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभियान के दौरान लोगों को कोविड वैक्सीनेशन हेतु प्रोत्साहित किया जाए एवं यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आयुष्मान कार्ड पंजीयन करने वाले ऑपरेटरों द्वारा भी कोविड वैक्सीनेशन कराया गया हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button