कतर के प्रमुख गैस संयंत्र में विस्फोट, 54 घायल और 18 लापता
दोहा। कतर के रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बारज़ान गैस संयंत्र में रविवार को बड़ा विस्फोट और आग लगने की घटना हुई, जिसमें 54 लोग घायल हो गए जबकि 18 लोगों के लापता होने की सूचना है। कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार यह हादसा संयंत्र में परिचालन दोबारा शुरू करने के दौरान हुए तकनीकी हादसे के कारण हुआ। राहत एवं बचाव दलों ने आग पर काबू पा लिया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
बारज़ान गैस संयंत्र कतर की घरेलू गैस आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 1.4 अरब घन फीट गैस उत्पादन की है। यह संयंत्र बिजली उत्पादन, उद्योगों तथा अन्य घरेलू जरूरतों के लिए गैस उपलब्ध कराता है। यह रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित है, जो कतर के एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) उत्पादन और निर्यात का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है, क्योंकि कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस निर्यातकों में शामिल है। हाल के महीनों में क्षेत्रीय संघर्षों के कारण कतर की गैस अवसंरचना पहले से प्रभावित रही है, ऐसे में यह हादसा ऊर्जा आपूर्ति संबंधी चिंताओं को और बढ़ा सकता है।
कतर सरकार ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल आम जनता की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।



