कर्मचारी की पत्नी और बेटी की हत्या, बाथ रूम में खून से लथपथ मिले दोनों के शव, धारदार हथियार से किए कई वार

छत्तीसगढ़ के कोरबा में SECL कर्मचारी की पत्नी और उसकी 18 साल की बेटी की शुक्रवार को हत्या कर दी गई। दोनों के ही शव बाथरूम में खून से लथपथ मिले हैं। पड़ोसियों ने मकान में काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो अंदर गए, इसके बाद वारदात का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। खबर अपडेट की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आरके दास SECL की कुसमुंडा स्थित खदान में कार्यरत हैं और आदर्श नगर DMQ क्वार्टर में रहते हैं। उनकी सुबह की शिफ्ट चल रही है। ऐसे में वह रोज की तरह सुबह करीब 5-6 बजे दफ्तर चले गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद सुबह करीब 10-11 बजे पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला देखा। पहले तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया। काफी देर बाद भी दरवाजा खुला था और कोई आते-जाते भी नहीं दिखाई दे रहा था।

इस पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में मां और बेटी के खून से लथपथ शव पड़े हुए थे। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस और कर्मचारी आरके दास को सूचना दी। डबल मर्डर की जानकारी पर थोड़ी ही देर में पुलिस पहुंच गई। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से बड़ी बेरहमी के साथ दोनों की हत्या की गई है। शरीर पर जगह-जगह घाव के निशान हैं। फिलहाल पुलिस ने मकान को सील कर दिया है।

Share This Article
Leave a review