केनाल लिंक रोड निर्माण के लिए हटाए गए मकान, पहले चरण में 29 परिवारों का विस्थापन

रायगढ़। शहर के जोगीडीपा क्षेत्र में प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण परियोजना के तहत मंगलवार को अतिक्रमण हटाने और मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पहले चरण में 29 मकानों एवं झोपड़ियों को हटाया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

जानकारी के अनुसार लगभग 22.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित केनाल लिंक रोड के निर्माण के लिए प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नगर निगम ने 23 मई को संबंधित परिवारों को मकान खाली करने के निर्देश दिए थे और वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध कराई थी।

प्रशासन के मुताबिक प्रभावित परिवारों का पुनर्वास सूर्या विहार कॉलोनी में किया गया है। यहां उन्हें आवास उपलब्ध कराने के साथ बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। विस्थापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई।

मंगलवार सुबह नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम जोगीडीपा पहुंची। जेसीबी मशीनों की सहायता से मकानों को हटाने का कार्य किया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया था।

प्रभावित परिवारों के कुछ सदस्यों ने बताया कि उन्हें पहले ही वैकल्पिक आवास उपलब्ध करा दिया गया था और अधिकांश परिवार नई जगह पर स्थानांतरित हो चुके हैं। पुनर्वास स्थल पर आवश्यक सुविधाएं मिलने से लोगों ने संतोष भी व्यक्त किया।

तहसीलदार शिवकुमार डनसेना ने बताया कि केनाल लिंक रोड निर्माण के लिए प्रभावित परिवारों का पुनर्वास कर दिया गया है। पहले चरण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और आगामी चरणों के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया जारी है। परियोजना के तहत क्षेत्र में लगभग 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।

प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Back to top button