छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल के चुनाव सम्पन्न, रायगढ़ के विवेक सारस्वत बने अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल के चुनाव सम्पन्न, रायगढ़ के विवेक सारस्वत बने अध्यक्ष

[img-slider id="274450"]

दुर्ग। छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल का राज्य स्तरीय अधिवेशन एवं वार्षिक आम सभा दुर्ग में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए) तथा कर सलाहकारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अधिवेशन के दौरान जीएसटी से जुड़े विभिन्न कानूनी और तकनीकी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने जीएसटी अधिनियम 2017 के विभिन्न प्रावधानों, जांच प्रक्रिया, तलाशी, जब्ती और कर निर्धारण से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। मुख्य वक्ता अधिवक्ता संजय शर्मा ने कर कानूनों में आए बदलावों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल के तकनीकी सदस्य सतीश अग्रवाल उपस्थित रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता अधिवक्ता मूलचंद जैन ने की, जबकि तकनीकी सत्र की अध्यक्षता राजेश्वर राव ने की।

अधिवेशन के पश्चात छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल के वर्ष 2026-28 कार्यकाल के लिए चुनाव भी सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई, जिसमें नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।

चुनाव परिणाम के अनुसार रायगढ़ के अधिवक्ता विवेक सारस्वत को कौंसिल का अध्यक्ष चुना गया। वहीं रायपुर के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण तावनिया महासचिव निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर कमल किशोर साहू, राजेश दीवान और महेंद्र पंसारी का चयन किया गया। दुर्गा शंकर साहू कोषाध्यक्ष, सतीश अग्रवाल एवं सत्य प्रकाश मिश्रा सहसचिव, भरत अंबवानी प्रचार सचिव तथा सीए अरविंद चंद सुराना अंकेक्षक चुने गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन, अखिलेश मिश्रा, शिव सोनी एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना की गई। उपस्थित सदस्यों ने अधिवेशन को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए इसे कर क्षेत्र के पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया।

Back to top button