
कांग्रेस भाजपा को हरा नहीं सकती, अहमद पटेल बनने की कोशिश न करें भूपेश।।कांग्रेस मतांतरण जैसे तत्वों का उपयोग करके चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। कांग्रेस भाजपा को सीधे चुनाव में नहीं हरा सकती है, इसलिए मतांतरण का उपयोग कर रही है। राज्य में किसे सीएम बनाना है, यह भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करता है।
रायपुर।। प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बड़ा हमला किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस बयान पर कि माथुर यहां कितने दिन रह पाएंगे, पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बघेल एक परिवार का अहमद पटेल बनने की कोशिश ना करें। अहमद पटेल के जाने के बाद दिल्ली में उनकी जगह खाली है, अब नया अहमद पटेल बन रहे हैं। माथुर ने कहा कि यह सीएम बघेल के मुंह से निकली बौखलाहट है। वह इस पार्टी के लिए निर्णय लेंगे क्या।
मतांतरण के मामले उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशना साधा । उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतांतरण जैसे तत्वों का उपयोग करके चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। कांग्रेस अब भाजपा को सीधे चुनाव में नहीं हरा सकती है, इसलिए वह मतांतरण का उपयोग कर रही है। प्रतिदिन इस तरह घटना हो रही है। जनता अब समझ चुकी है। प्रधानमंत्री ने पिछले आठ वर्षों की राजनीति को परिवर्तित किया है। जो राजनीति धर्म, जाति, क्षेत्र के आधार पर थी, उसे प्रधानमंत्री ने विकासवाद की ओर अग्रसर किया है। माथुर प्रदेश भाजपा के मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सीएम के चेहरे के प्रश्न पर कहा, किस राज्य में किसे सीएम बनाना है, यह भी भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करता है।
ईडी पर दिलाई कांग्रेस सरकार की याद
कांग्रेस की ओर से केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों पर माथुर ने अमित शाह की गिरफ्तारी का पुराना वाकया याद दिलाया है। उन्होंने कहा, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो एसआईटी ने एक्टिंग मुख्यमंत्री से घंटों पूछताछ की थी। गृहमंत्री को गिरफ्तार तक किया था। प्रभारी होने के नाते उनसे भी पूछताछ हुई थी। लेकिन हमने तो इस पर कोई हंगामा नहीं किया। यहां कांग्रेस की बात खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो गई है।
निष्क्रिय विधायकों पर कहा-स्वयं हो रहे चार्ज
निष्क्रिय विधायकों को चार्ज करने की रणनीति के प्रश्न पर कहा कि यह एक फलते-फूलते परिवार में इस तरह की चीजें हर जगह रहती हैं और हमारी पार्टी कार्यकर्ता आधारित है। पार्टी निर्णय ले लेती है उसी के अनुसार पर कार्यकर्ता स्वयं चार्ज होते रहते हैं। हर राज्य की अपनी-अपनी राजनीति होती है। उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों जगह में राजनीतिक माहौल अलग-अलग है। उसी के आधार पर हम रणनीति बनाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता अगले विधानसभा चुनाव 2023 लड़ने के मूड में आ गए हैं। पार्टी की नीति रही है कि हम युवाओं और नए चेहरों को मौका देते हैं। किसी भी कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने के हिसाब से नहीं, बल्कि पार्टी के हिसाब से काम कर रहे हैं। आगे एतिहासिक रूप से सरकार बनाएंगे।
आदिवासियों के आरक्षण पर कांग्रेस को कोसा
आदिवासियों के आरक्षण पर कहा, कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से आदिवासियों के आरक्षण को छीन रही है। इसका जवाब आने वाले समय में चुनाव में जनता देगी। साय के अकेले आदिवासियों के आरक्षण को लेकर बैठे धरने पर कहा कि उन्होंने पार्टी से राय लेकर धरने पर बैठे हैं। गोमाता, भगवान राम जैसे मुद्दे पर माथुर ने कहा कि विगत 70 से 75 वर्षों तक देश में एक ही परिवार का एकछत्र राज रहा। इस दौरान कांग्रेस को राम मंदिर, जनेऊ, देश का स्वाभिमान याद नहीं आया। पिछली बार केंद्र में चुनाव के दौरान भाई-बहन और माताजी सभी मंदिर गए और परिणाम क्या आया, सभी ने देखा है। हम शुरू से ही हम गाय को गोमाता कहते रहे हैं। ये केवल चुनाव में इसका इस्तेमाल करते हैं। आदिवासी वोटर दूर जाते दिख रहे हैं, प्रश्न पर कहा कि हमने योजना तो बनाएं हैं लेकिन डिस्क्लोज नहीं करूंगा। हमको भी पता है कि हम पिछड़े हैं, उनको कैसे जोड़ा जाए। इसे लेकर काम करेंगे। भानुप्रतापुर के चुनाव के प्रश्न पर कहा कि चाहे छोटा या बड़ा चुनाव हो, भाजपा चुनौती को लेकर चलती है।
फिर दोहराया कांग्रेस कोई चुनौती नहीं
कांग्रेस चुनौती क्यों नहीं है के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने जिस तरह वातावरण बना रखा है। जिस तरह से प्रदेश को लूटा जा रहा है, इसलिए मानकर चलिए कोई चुनौती नहीं है। जब मैं उत्तर प्रदेश में प्रभारी था तक 403 में केवल 47 सीटें थे। इसके बाद ढाई सौ और अब तीन सौ सीटे मिल चुकी है।



