महंगाई भत्ता लागू करने की मांग को लेकर 10 जून को ज्ञापन सौंपेंगे कर्मचारी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय कर्मचारी संघ ने लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। संघ के आह्वान पर 10 जून को प्रदेशभर के कर्मचारी भोजन अवकाश के दौरान जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों को घोषित 2 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अब तक प्राप्त नहीं हो सका है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने राज्य सरकार से इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेकर बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग की है।

इस आंदोलन में स्वास्थ्य विभाग, आईटीआई विभाग, छात्रावास अधीक्षक संघ, कृषि विस्तार अधिकारी संघ, निशक्त कर्मचारी अधिकारी संगठन, कर्मचारी अधिकारी पेंशनर्स एसोसिएशन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

संघ के संरक्षक शेख कलीमुल्लाह तथा कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजीव सेठी ने कहा कि कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता दिया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।

जिला अध्यक्ष संतोष पांडे ने सभी कर्मचारी साथियों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

Back to top button