रायगढ़ में गांजा और नशीले इंजेक्शन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में गांजा और नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नशीले इंजेक्शन, मोबाइल, नकदी और अन्य सामान जब्त किया है।
घर में छिपाकर रखा था 6 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस को सूचना मिली थी कि बीड़पारा क्षेत्र में एक घर में गांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। जांच के दौरान घर के भीतर प्लास्टिक पैकेटों में रखा करीब 6 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया।
मौके से इरशाद खान नामक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा उसके रिश्तेदार मोहम्मद वसीम ने रखवाया था। इसके बाद पुलिस ने जोगीडीपा क्षेत्र में दबिश देकर वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से मंगवाया जाता था गांजा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा से लाया जाता था। आरोपियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से वे गांजा बिक्री के कारोबार में जुड़े हुए थे। पुलिस ने मामले में गांजा और मोबाइल सहित करीब 84 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
रामलीला मैदान के पास नशीले इंजेक्शन बेचते पकड़े गए युवक
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक रामलीला मैदान के पास युवाओं को नशीले इंजेक्शन उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ युवक मौके से भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शन, सिरिंज, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
खरसिया से होती थी सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि नशीले इंजेक्शन खरसिया निवासी एक व्यक्ति से खरीदे जाते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया और उसके पास से नकदी बरामद की।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











