
Bhilai News: 2 करोड़ 40 लाख रुपये पीएफ दबाए बैठा है भिलाई निगम, 6 महीने से पीएफ जमा नहीं
भिलाई निगम की आर्थिक स्थिति खस्ताहाल है। अपने कर्मचारियों को कई-कई महीने तक का वेतन तथा पार्षदों को मानदेय नहीं दे पा रहा है।
भिलाई नगर निगम 950 नियमित कर्मचारियों का पिछले 6 माह से पीएफ यानी प्रोविडेंट फंड की राशि जमा नहीं कर रहा है। यह राशि प्रतिमाह 40 लाख रुपये है। जो इस बढ़कर दो करोड़ 40 लाख रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह से 24 कर्मचारियों का अवकाश नकदीकरण की राशि एक करोड़ लाख 25 रुपये नहीं दिए जा रहे हैं । यही नहीं पिछले दो माह से निगम कर्मचारियों को वेतन के भी लाले पड़े हुए हैं। बता दें कि निगम अधिकारियों की मिलीभगत से सफाई ठेका कंपनी पीवी रमन भी प्लेसमेंट सफाई कामगारों का पीएफ और ईएसआई की राशि जमा नही कर रही है।
भिलाई निगम के आयुक्त रोहित व्यास ने यह दावा किया है कि भिलाई निगम द्वारा प्रतिमाह प्रोविडेंट फंड की राशि कर्मचारियों के खाते में जमा की जा रही है। प्लेसमेंट कर्मचारियों के बाद अब नियमित कर्मचारियों का मामला सामने आया है। इन कर्मचारियों के लिए सामान्य भविष्य निधि की राशि प्रतिमाह जमा नही किए जाने से कर्मचारी भारी परेशान है।
अभी नहीं , रिटायरमेंट के बाद होगा नुकसान
जहां एक ओर निगम के आयुक्त कह रहे हैं कि हम प्रोविडेंट फंड की राशि बाद में जमा कर देंगे । वहीं कर्मचारियों का कहना है कि इससे उन्हें काफी नुकसान होगा क्योंकि उन्हें प्रतिमाह जमा राशि पर 1.15 प्रतिशत ब्याज मिलता है । वह इस राशि पर नहीं मिलेगा । इस तरह से जब कर्मचारी रिटायर होंगे तो उन्हें 10,000 से लेकर 50,000 रुपये तक का नुकसान होगा।
निगम प्रशासन बोल रहा है झूठ- संजय शर्मा
छग कर्मचारी कांग्रेस (नगरीय निकाय ) के संयोजक संजय शर्मा ने कहा कि हमारे हिस्से की पीएफ राशि जमा नही की जा रही है। इससे कर्मचारियों को काफी क्षति होगी। यही नही प्रतिमाह दिया जाने वाला वेतन भी नही दिया जा रहा है।इससे कर्मचारियों के समक्ष कई तरह की परेशानियां आ रही है।
भिलाई निगम की आर्थिक स्थिति खराब
इधर निगम भिलाई की आर्थिक स्थिति खस्ताहाल हो चुकी है। अपने कर्मचारियों को कई-कई महीने तक का वेतन तथा पार्षदों को मानदेय नहीं दे पा रहा है। आवश्यक सेवाएं ठप है। कर्मचारियों को अपने वेतन के लिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। सफाई कर्मियों ने हड़ताल तक कर दी। डायरिया जैसी कई बीमारी कई इलाकों में फैला हुआ है। इस हालात से निपटने के लिए शहर सरकार ने कोई कदम या पहल नहीं की। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस सबके लिए शहर सरकार जिम्मेदार है।
भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने कहा कि महापौर नीरज पाल को उनकी जिम्मेदार का अहसास कराने के लिए नगर निगम के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। उन्हें गोबर भेंटकर यह बताने की कोशिश भी की जाएगी कि अगर आपके पास नगर निगम संचालन के लिए राशि नहीं है, तो शहर का सारा गोबर उठाकर उसे राज्य सरकार को बेचें और अपने कर्तव्यों को पूरा करें। गोबर उठाने से जहां गंदगी भी हटेगी वहीं राज्य की कांग्रेस सरकार की योजना को सफल बनाने में भी महापौर का नाम लिया जाएगा।