रोबोट कार्य भी नहीं हो रहा सफल, सीएम ने अफसरों से कहा- हर संभव प्रयास किया जाए

रायपुर. जांजगीर-चांपा जिले के मालखरौदा के ग्राम पिहरीद में बोरवेल में गिरे बच्चे राहुल साहू के बचाव कार्य में बचाव दलों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. इधर सीएम भूपेश बघेल के निर्देश के बाद रोबेट विशेषज्ञ महेश अहीर की टीम गांव पहुंची है पर बच्चे की ओर से ज्यादा रिस्पॉन्स नहीं मिलने के कारण रोबोट कार्य सफल नहीं हो रहा है. सीएम ने अफसरों को हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं.

11 वर्षीय राहुल मूकबधिर होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी पूरी तरह सक्षम नहीं है. बचाव दलों ने रस्सी के सहारे दिए जा रहे फल और आहार को तो राहुल पकड़ लेता है, लेकिन बचाव के लिए भेजी जा रही मोटी रस्सी को वह छोड़ देता है. बचाव दल बच्चे के परिजनों और परिचितों के माध्यम से लगातार बच्चे से संपर्क बनाए हुए हैं.

बोरवेल में 65 फीट की गहराई में फंसे राहुल को बचाने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगी हुई हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रातभर लगातार अपडेट लेते रहे. उन्होंने आज सुबह अपने निवास कार्यालय से राहुल के परिजनों से वीडियो कॉल पर बात की और उन्हें राहुल को बचा लेने का भरोसा दिलाया.

बच्चे की ओर से ज्यादा रिस्पॉन्स नहीं
चुनौतियों को देखते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने बचाव कार्य में रोबेट की मदद लेने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं.सूरत के रोबेट विशेषज्ञ महेश अहीर से राज्य के अधिकारियों ने संपर्क किया है. उनकी टीम पिहरीद पहुंच गई है. इंडियन आर्मी ने भी मोर्चा संभाला है. मेजर गौतम सूरी ने बताया कि बच्चे की ओर से ज्यादा रिस्पॉन्स नहीं मिलने के कारण रोबोट कार्य सफल नहीं हो रहा है.

कठोर पत्थरों के कारण हो रही कठिनाई
बचाव दलों के मुताबिक बोरवेल के पास की जा रही खुदाई के दौरान सख्त पत्थरों के कारण कठिनाई हो रही है. मुख्यमंत्री ने जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर और एसपी को राहुल साहू के रेस्क्यू के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रयासों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button