महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन: कैलाश नगर शिव मंदिर में 12 से 15 फरवरी तक चलेगा चार दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा एवं विशेष पूजा कार्यक्रम


किरंदुल। कैलाश नगर स्थित शिव मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक माहौल में मनाया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा 12 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक चार दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

12 फरवरी से होगा शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत 12 फरवरी, गुरुवार को प्रातः 8 बजे श्री गणपति पूजन से होगी। इसके बाद कलश यात्रा, वेदी पूजन, जलाधिवास, फलाधिवास, अन्नाधिवास, अग्नि स्थापना एवं विश्राम आरती जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। प्रतिदिन पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

13 फरवरी को विशेष अनुष्ठान

13 फरवरी, शुक्रवार को वेदी पूजन, कलश पूजन, श्री रुद्राभिषेक, श्री वेदपाठ, कलश स्नान, शिव-पार्वती विवाह एवं रात्रि आरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

14 फरवरी को होगी प्राण-प्रतिष्ठा

14 फरवरी, शनिवार को प्रातः 7 बजे से श्री रुद्राभिषेक के साथ कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसके बाद वेदी पूजन, श्री प्राण-प्रतिष्ठा, शिखर स्थापना, मंदिर नामकरण एवं यज्ञ पूर्णाहुति जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। अंत में महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

15 फरवरी को महाशिवरात्रि का मुख्य पर्व

15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातः 7 बजे से शिव अभिषेक एवं पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी। दिनभर विभिन्न समयों पर पूजा, भंडारा प्रसाद वितरण, भजन-कीर्तन एवं संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति, कैलाश नगर ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर का लाभ उठाएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं।

चार दिवसीय इस भव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button