रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’, रक्तदान और मानव सेवा के कार्यों के लिए मिला सम्मान
रायगढ़, 4 अगस्त। रक्तदान और निस्वार्थ मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 2 अगस्त को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल परिसर में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने रवि श्रीवास को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाज सेवा, रक्तदान, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशभर के समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
आरक्षक रवि श्रीवास लंबे समय से अपनी पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ श्री साईं रक्तदान समिति के माध्यम से रक्तदान एवं मानव सेवा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने स्वयं नियमित रक्तदान करने के साथ हजारों युवाओं और नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार करने और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उनके प्रयासों से दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर मरीजों, प्रसूताओं और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका है। रक्तदान के अलावा वे सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था तथा विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
रवि श्रीवास ने इस सम्मान का श्रेय अपने सहयोगियों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, श्री साईं रक्तदान समिति के सदस्यों और मानव सेवा अभियान से जुड़े सभी लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे रक्तदान जागरूकता और समाज सेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
रायगढ़ पुलिस ने भी उनके सम्मान को पुलिस विभाग के मानवीय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की पहचान बताते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


