रायगढ़ में महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो युवकों ने झपटा 10 ग्राम का मंगलसूत्र; CCTV में दिखे संदिग्ध
रायगढ़, 29 सितंबर 2026। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। केलो विहार के शिव मंदिर मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चंद्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटा और दोनों आरोपी तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में संदिग्धों के चेहरे और गतिविधियां सामने आई हैं। उनकी पहचान के लिए संदिग्धों के फोटो विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए गए हैं। साथ ही मुखबिरों के जरिए भी आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
शहर में नाकेबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाकेबंदी कर बाइक सवार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम संभावित रास्तों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि संदिग्धों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो थाना प्रभारी चक्रधरनगर: 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़: 9479193299 पर सूचना दें।
