साइबर जागरूकता के लिए आगे आए रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह, सेल्फी लेकर लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील
रायगढ़, 19 अगस्त। साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्वयं साइबर जागरूकता सेल्फी लेकर लोगों से अभियान से जुड़ने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
छत्तीसगढ़ पुलिस के मार्गदर्शन में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत रायगढ़ जिले में भी लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी जिम्मेदारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं। नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के प्रति सावधान रहने और संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेशों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत आम नागरिकों को क्यूआर कोड स्कैन कर ‘साइबर जागरूकता सेल्फी’ अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
SSP ने सोशल मीडिया पर साझा की सेल्फी
इसी पहल के तहत एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वयं साइबर जागरूकता सेल्फी लेकर उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभियान के लिए जारी क्यूआर कोड और लिंक के माध्यम से नागरिक साइबर जागरूकता सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का प्रभावी माध्यम
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी जागरूक करें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराध लगातार नए तरीकों से सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।











