1.60 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, दिल्ली से तीन अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
बीमा पॉलिसी रिफंड के नाम पर करते थे ठगी, विदेशी साइबर नेटवर्क से जुड़े मिले तार
दुर्ग। दुर्ग रेंज साइबर थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई थी।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 03/2026 की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद विशेष टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से मनमीत सिंह (42), ईशांत माहे उर्फ ईशु (37) और अमनदीप सिंह (33) को गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर तीनों आरोपियों को दुर्ग लाया गया।
विदेशी साइबर नेटवर्क से जुड़े मिले बैंक खाते
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लालच में आकर अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं और विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें भी दर्ज हैं।
मोबाइल, पासबुक और सिम कार्ड जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और कई सिम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में पहले एक बैंक खाताधारक की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
साइबर पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान से जुड़े कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और किसी भी अनजान बैंक खाते में राशि ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें।


