21.5 किलो गांजा जब्त, पुलिस को देखकर तस्कर कार छोड़कर फरारq
जशपुर, 5 अगस्त। जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक टाटा नेक्सन कार से 21 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की टाटा नेक्सन कार (UP-54-AF-7976) में बड़ी मात्रा में गांजा रैरूमा-लैलूंगा मार्ग से पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंदिरा चौक के पास नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और अंबिकापुर मार्ग की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कदम घाट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन सवार तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे तीन बैगों से पीले प्लास्टिक टेप से लिपटे 11 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 21 किलो 500 ग्राम गांजा मिला। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये तथा कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
वाहन से आधार कार्ड सहित कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इनके आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


