छत्तीसगढ़ में 32,100 मेगावाट नई विद्युत परियोजनाओं के लिए एमओयू, 3.4 लाख करोड़ के निवेश का रास्ता साफ

छत्तीसगढ़ को देश की “ऊर्जा राजधानी” के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 32,100 मेगावाट क्षमता की नई विद्युत परियोजनाओं के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। इन परियोजनाओं से लगभग 3.4 लाख करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

नया रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने बताया कि प्रस्तावित परियोजनाओं में 12,100 मेगावाट ताप विद्युत, 4,200 मेगावाट न्यूक्लियर, 2,500 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर और 13,300 मेगावाट पंप स्टोरेज क्षमता शामिल है। उन्होंने कहा कि संतुलित ऊर्जा मिश्रण और आधुनिक तकनीकों के समावेश से राज्य को दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में ठोस कार्य किया जा रहा है।

2030 तक 500 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा का लक्ष्य

डॉ. यादव ने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित कर देश की 50 प्रतिशत ऊर्जा आवश्यकताओं को नवीकरणीय स्रोतों से पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में जल विद्युत और पंप स्टोरेज परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जो ग्रिड संतुलन में सहायक होंगी।

राज्य शासन ने पंप स्टोरेज आधारित जल विद्युत परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए 2023 में नीति लागू की है। राज्य उत्पादन कंपनी द्वारा 8,300 मेगावाट क्षमता के छह स्थलों का चिन्हांकन किया गया है, जिनमें से पांच की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और डीपीआर निर्माणाधीन है। निजी क्षेत्र में भी लगभग 5,000 मेगावाट क्षमता की परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

सौर ऊर्जा और स्टोरेज परियोजनाएं

NTPC Green Energy Limited और राज्य उत्पादन कंपनी के संयुक्त उपक्रम द्वारा लगभग 2,000 मेगावाट की परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें अटल बिहारी ताप विद्युत गृह के जलाशय में 6 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लांट, कोरबा पूर्व के बंद राखड़ बांध पर 32 मेगावाट सौर संयंत्र और 500 मेगावाट-ऑवर बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम की स्थापना प्रस्तावित है।

राज्य उत्पादन कंपनी द्वारा कोरबा पश्चिम में 660-660 मेगावाट की दो सुपर क्रिटिकल इकाइयों तथा मड़वा में 800 मेगावाट की इकाई स्थापित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।

पारेषण नेटवर्क का विस्तार

दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच उपकेंद्रों की संख्या 132 से बढ़कर 137 हो गई है। ट्रांसफार्मरों की कुल क्षमता में वृद्धि की गई है तथा 132 केवी लाइनों में पुराने कंडक्टरों को उच्च क्षमता वाले एचटीएलएस कंडक्टर से बदला जा रहा है। 5,200 किमी ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर इंस्टॉलेशन पूर्ण कर 131 उपकेंद्रों को डिजिटल संचार नेटवर्क से जोड़ा गया है।

क्रेडा की उपलब्धियां

छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा पिछले दो वर्षों में 26,794 सोलर सिंचाई पंप, 7,833 सोलर पेयजल पंप और 1,709 सोलर हाईमास्ट स्थापित किए गए हैं। आगामी वर्षों में ऑफ-ग्रिड सोलर प्लांट और रूफटॉप सौर संयंत्रों के विस्तार की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के एमडी भीम सिंह कंवर, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के एमडी एस.के. कटियार और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के एमडी राजेश कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. रोहित यादव ने कहा कि संतुलित ऊर्जा मिश्रण, तकनीकी आधुनिकीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और अग्रणी ऊर्जा राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button