बोर्ड कॉपी जांच में लापरवाही पर 79 शिक्षकों पर कार्रवाई, 6 साल तक किए गए डिबार

रायपुर, 8 मई 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरतने वाले 79 शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई की है।

मूल्यांकन के दौरान 20 से 50 अंकों तक की भारी गड़बड़ी पाए जाने पर इन शिक्षकों को 3 से 6 वर्षों तक बोर्ड के सभी पारिश्रमिक कार्यों से डिबार (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है। साथ ही संबंधित शिक्षकों की एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की अनुशंसा भी की गई है।


36 मूल्यांकन केंद्रों में मिली गड़बड़ी

माशिमं की परीक्षा समिति द्वारा की गई जांच में सामने आया कि प्रदेश के 36 मूल्यांकन केंद्रों में कॉपियों की जांच के दौरान गंभीर त्रुटियां हुई हैं।

कार्रवाई की जद में आए शिक्षकों में 10वीं कक्षा के 49 और 12वीं कक्षा के 30 शिक्षक शामिल हैं।


इन विषयों के शिक्षकों पर हुई कार्रवाई

10वीं कक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं में सबसे ज्यादा गड़बड़ी पाई गई।

वहीं 12वीं कक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, रसायन, जीवविज्ञान, गणित, लेखाशास्त्र और अर्थशास्त्र विषयों के मूल्यांकनकर्ताओं पर कार्रवाई की गई है।


तीन श्रेणियों में तय की गई सजा

माशिमं ने गलती की गंभीरता के आधार पर शिक्षकों को तीन श्रेणियों में बांटकर कार्रवाई की है।

  • 20 से 40 अंकों तक की गलती: ऐसे शिक्षकों को 3 साल तक बोर्ड कार्यों से दूर रखा जाएगा। इस श्रेणी में सबसे अधिक शिक्षक शामिल हैं। इनमें 10वीं के 44 और 12वीं के 25 शिक्षक हैं।
  • 41 से 49 अंकों तक की गड़बड़ी: इस श्रेणी के 4 शिक्षकों को 5 साल के लिए डिबार किया गया है। इनमें 10वीं और 12वीं के 2-2 शिक्षक शामिल हैं।
  • 50 या उससे अधिक अंकों की गंभीर गलती: ऐसे 6 शिक्षकों को 6 वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया है। इनमें 10वीं के हिंदी और गणित विषय के 3 शिक्षक तथा 12वीं के राजनीति विज्ञान और गणित विषय के 3 शिक्षक शामिल हैं।

कलेक्टर और DEO को भेजे गए आदेश

माशिमं ने कार्रवाई संबंधी आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, लोक शिक्षण संचालनालय, सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और कलेक्टरों को भेज दी है।

इसके साथ ही संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Back to top button