लैलूंगा से युवक का अपहरण, रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में झारखंड से किया सकुशल बरामद

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


दो स्कॉर्पियो वाहनों में आए थे आरोपी

पुलिस के अनुसार मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी शिवप्रसाद बंजारा ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र रवि नारायण बंजारा का कुछ लोगों ने जबरन अपहरण कर लिया है।

शिकायत में बताया गया कि आरोपी दो स्कॉर्पियो वाहनों से घर पहुंचे थे और युवक को जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।


व्यापारिक विवाद की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में युवक और आरोपियों के बीच धान खरीदी-बिक्री से जुड़ा व्यापारिक लेन-देन विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बकाया रकम को लेकर विवाद के दौरान युवक के साथ मारपीट भी की थी।


रांची में दबिश देकर छुड़ाया युवक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड के रांची क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


दोनों स्कॉर्पियो वाहन जब्त

विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।


न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

लैलूंगा थाना में दर्ज मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


“कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को डराना, धमकाना या अपहरण जैसी वारदात को अंजाम देना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस द्वारा सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button