बिलासपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल मामले में सख्त कार्रवाई की मांग, सर्व नाई समाज ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में सर्व नाई समाज, रायगढ़ ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी को फांसी की सजा दिलाने तथा स्कूल प्रबंधन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग उठाई गई है।

ज्ञापन के अनुसार, एक शिक्षक पर कई महीनों तक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने का आरोप है। समाज का आरोप है कि पीड़िता द्वारा स्कूल प्रबंधन को जानकारी दिए जाने के बावजूद समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ा। इसी आधार पर ज्ञापन में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है।

सर्व नाई समाज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र जांच टीम गठित कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों को कठोर दंड दिए जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार सभी पक्षों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री को भी प्रेषित की गई है।

Back to top button