छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर, 8 जिलों में रेड अलर्ट; रायपुर समेत कई शहर जलमग्न
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 48 घंटे से रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। भारी वर्षा के चलते कई शहरों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश के कारण राजधानी रायपुर के टाटीबंध समेत कई रिहायशी इलाकों में घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं दुर्ग, भिलाई, रायगढ़, जगदलपुर और राजनांदगांव सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के बीच कई हादसे भी सामने आए हैं। बिलासपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं गरियाबंद जिले के कोपरा गांव में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई। दूसरी ओर गरियाबंद की बगनई नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच नदी में फंसे 14 मजदूरों को प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य रूप से 247.7 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 167.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 33 प्रतिशत कम है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश से इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रविवार सुबह 8:30 बजे तक रायपुर में 154.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 10 जिलों में सामान्य, जबकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दंतेवाड़ा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं 19 जिले अब भी सामान्य से कम वर्षा की श्रेणी में हैं।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने तथा आकाशीय बिजली और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


