‘सुशासन तिहार’ के नाम पर जनता से छलावा, स्वीकृत सड़कों को बजट से हटाकर अनुपूरक बजट में उलझाया: तारेन्द्र डनसेना
रायगढ़, 17 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने राज्य सरकार और लोक निर्माण विभाग पर खरसिया विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ‘सुशासन तिहार 2025’ के दौरान ग्रामीणों से सड़क और विकास कार्यों के लिए आवेदन लिए गए, लेकिन एक वर्ष बाद भी कई कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सके हैं।
डनसेना ने सरकारी पत्राचार और लोक निर्माण विभाग से संबंधित दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि कुछ सड़क निर्माण कार्य पहले बजट में शामिल थे, लेकिन बाद में उन्हें बजट से हटा दिया गया। उनके अनुसार अब इन कार्यों के लिए अनुपूरक बजट में राशि शामिल करने की प्रक्रिया का हवाला दिया जा रहा है।
राबर्टसन-डूमरपाली-भालूनारा मार्ग का मामला उठाया
कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक ग्राम बड़े डूमरपाली के गुलशन कुमार और ग्राम नवागांव के रामेश्वर प्रसाद ने ‘सुशासन तिहार 2025’ के दौरान भालूनारा से राबर्टसन रेलवे स्टेशन/साइडिंग तक सड़क निर्माण की मांग की थी।
लोक निर्माण विभाग की ओर से दिए गए जवाब का हवाला देते हुए डनसेना ने कहा कि राबर्टसन-डूमरपाली-भालूनारा मार्ग का निर्माण कार्य बजट वर्ष 2023-24 में शामिल था, लेकिन अब इसे बजट से विलोपित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि करीब 7.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए अनुमानित लागत 26 करोड़ रुपये बताई गई है। डनसेना के अनुसार विभाग की ओर से इसे प्रथम अनुपूरक बजट 2025-26 में शामिल करने का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई है।




इन सड़कों को लेकर भी उठाए सवाल
डनसेना ने खरसिया क्षेत्र की अन्य सड़कों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इनके निर्माण को लेकर भी विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की बात कही गई है।
- सिंघनपुर से बरभौना-चंद्रशेखरपुर-ऐडू मार्ग — 22.30 किमी, अनुमानित लागत ₹15.60 करोड़
- सोनबरसा से कलमी मार्ग — 4.50 किमी, अनुमानित लागत ₹4.50 करोड़
- नवागांव से रजघट्टा मार्ग — 2 किमी, अनुमानित लागत ₹2 करोड़
- गोरपार से खड़गांव मार्ग — 2.10 किमी, अनुमानित लागत ₹2.005 करोड़
- सोनबरसा पहुंच मार्ग — 1.50 किमी, अनुमानित लागत ₹1.50 करोड़
कांग्रेस प्रवक्ता ने इन कार्यों की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
सरकार से पूछे तीन सवाल
तारेन्द्र डनसेना ने सवाल उठाया कि यदि राबर्टसन-डूमरपाली-भालूनारा मार्ग पहले ही वर्ष 2023-24 के बजट में शामिल था, तो इसे बाद में विलोपित करने की जरूरत क्यों पड़ी।
उन्होंने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के दौरान जनता से आवेदन लेने के बाद भी यदि एक साल बाद तक निर्माण शुरू नहीं हुआ है, तो सरकार को इसकी स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।
डनसेना ने कहा कि खरसिया विधायक उमेश पटेल क्षेत्र की सड़कों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। इसके बावजूद स्वीकृत सड़क कार्यों को बजट से हटाया जाना क्षेत्रवासियों के हित में नहीं है।
निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
डनसेना ने कहा कि यदि बजट से हटाए गए सड़क कार्यों के लिए जल्द राशि स्वीकृत कर निर्माण शुरू नहीं कराया गया, तो कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के मुद्दे पर पार्टी आगे भी सरकार और प्रशासन के समक्ष आवाज उठाती रहेगी।











