सारंगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर सख्ती, लापरवाही मिलने पर नोटिस के निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत लेकिन अब तक अधूरे या शुरू नहीं हुए आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए जिला पंचायत के सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने रविवार को जनपद पंचायत सारंगढ़ क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को लंबित आवासों का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

चार ग्राम पंचायतों में पहुंचकर देखी निर्माण की स्थिति

सीईओ ने उलखर, पासिद, माल्दा और सिंघनपुर ग्राम पंचायतों का दौरा किया। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समय पर आवास पूरा कराने पर जोर

सीईओ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास का लाभ मिलना सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।

लापरवाही मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर रोजगार सहायक सचिव और तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने और हितग्राहियों को निर्माण से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

मैदानी अमले को लगातार निगरानी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच, तकनीकी सहायक, पीओ, एडीईओ, एपीओ और जनपद पंचायत के सीईओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को लंबित आवासों की प्रगति पर लगातार नजर रखने और समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

Back to top button