मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 2 करोड़ का नशे का खेल! जशपुर पुलिस ने 440.63 किलो गांजा पकड़ा, UP के दो तस्कर गिरफ्तार
🚨 मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 2 करोड़ का नशे का खेल! जशपुर पुलिस ने 440.63 किलो गांजा पकड़ा, UP के दो तस्कर गिरफ्तार
लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर बड़ी कार्रवाई | टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440 पैकेट गांजा बरामद | कुल ₹2.40 करोड़ की जप्ती
जशपुर, 02 अक्टूबर 2026।
जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब ₹20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह मामले में कुल ₹2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई है।
🔴 ऐसे खुला तस्करी का राज
उड़ीसा बॉर्डर से लगे लावाकेरा चेकिंग पॉइंट पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर एक वाहन जशपुर जिले में प्रवेश करने वाला है।
सूचना के आधार पर 02 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे पुलिस टीम ने टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर जांच की।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वाहन में मिर्ची की बोरियां लोड हैं। पुलिस को संदेह होने पर जब बोरियों की बारीकी से जांच की गई तो ऊपर मिर्ची की बोरियां मिलीं, जबकि उनके नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए।
पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला।
👮 दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रक जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जप्त कर लिया गया।
दोनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
– मो. वसीम, उम्र 28 वर्ष
– मो. आसिफ, उम्र 34 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।
🔎 कहां से आया गांजा, किस तक पहुंचना था?
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जाने की बात बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस द्वारा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
⚖️ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
📊 जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 प्रकरणों में लगभग ₹8 करोड़ कीमत का 1,906 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और 1 पिकअप वाहन भी जप्त किए गए हैं।
👮♂️ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🗣️ एसएसपी ने कहा—नशे के नेटवर्क को जड़ तक पहुंचाना लक्ष्य
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत यह महत्वपूर्ण कार्रवाई है। पुलिस टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं तथा इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जशपुर पुलिस के अनुसार, नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

