नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली
शासकीय महाविद्यालय लवन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने आयोजित किया नशामुक्ति साइक्लोथॉन
बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
शासकीय महाविद्यालय लवन की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ” नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान ” के अंतर्गत जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘नशामुक्ति साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया गया। प्राचार्य यशवंत राज महिलाने ने हरी झंडी दिखा कर साइकिल रैली को रवाना किया। इसके अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से चिह्नित स्थल पुलिस थाना लवन तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत लवन से शिव मंगल सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। पुलिस विभाग द्वारा नशे से संबंधित अपराधों और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी साझा की गई। उक्त कार्यक्रम में नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण की गई । यात्रा पथ में प्लॉगिंग उपरांत थाना परिसर में पौधे रोपित लिए गए।
आयोजन ने नशामुक्त समाज के निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकाय और पुलिस विभाग की साझा सहभागिता को रेखांकित किया।
साइक्लोथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और समाजसेवा जैसे सकारात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करना था। साइकिल रैली के माध्यम से नशामुक्ति के साथ शारीरिक सक्रियता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस आयोजन में 162 स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना की यह पहल विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने तथा जनसहभागिता से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।
