रायगढ़ : छाल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस और नागरिकों ने ली देश की अखंडता की शपथ

कुड़ेकेला। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छाल थाना क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुजरात के एकता नगर में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।

पुलिस और आम नागरिकों की रही सहभागिता

छाल थाना परिसर के आगे मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों की मौजूदगी रही। मुख्य समारोह के सीधे प्रसारण के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के देश को एकजुट करने में दिए गए योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देश की सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

थाना प्रभारी की पहल से एक मंच पर आए पुलिस और नागरिक

जिला पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश और खरसिया एसडीओपी के मार्गदर्शन में छाल थाना प्रभारी के नेतृत्व में इस कार्यक्रम की व्यवस्था की गई थी। आयोजन में पुलिस और आम नागरिकों की एक साथ भागीदारी ने आपसी सहयोग और सौहार्द का संदेश दिया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।

भारत माता के जयकारों से गूंजा परिसर

एकता नगर में आयोजित मुख्य समारोह के प्रसारण के दौरान लोगों ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारत माता की जय और सरदार पटेल अमर रहें के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।

आयोजन के माध्यम से पुलिस और आम जनता ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

Back to top button