रायगढ़ : दीपावली पर पटाखा दुकानों की होगी नियमित जांच, सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
रायगढ़। दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में पटाखा दुकानों की नियमित जांच की जाएगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को दुकानों में अग्निशमन सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर सोमवार को समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल पंपों में शौचालय की सुविधा, लंबित शिकायतों के निराकरण और शासन की योजनाओं की प्रगति को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
पेट्रोल पंपों में साफ और सुलभ शौचालय जरूरी
पेट्रोल पंपों में शौचालय बंद रहने की शिकायतों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए खाद्य अधिकारी को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों में आम नागरिकों के लिए स्वच्छ और आसानी से उपलब्ध शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए।
इसके साथ ही नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाले व्यावसायिक परिसरों में भी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और नियमित निगरानी करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन और जनदर्शन की शिकायतों का समय पर करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी संबंधित पोर्टल का नियमित अवलोकन करें और शिकायतों के निराकरण में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश
कलेक्टर ने भूमि पट्टा वितरण की समीक्षा करते हुए नियमानुसार पात्रता की जांच करने और वास्तविक जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और शिक्षा ऋण योजना की भी जानकारी ली। अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया।
हर घर मुनगा अभियान के तहत पौधारोपण पर जोर
बैठक में हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में मुनगा के पौधे लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखरेख भी जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से शासन की योजनाओं और प्राथमिकता वाले कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


