पैजनी स्कूल के विकास को मिली नई सौगात, 22 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं अतिरिक्त शाला भवन निर्माण कार्य का हुआ भूमि पूजन

बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला पैजनी में विकास की नई कड़ी जोड़ते हुए सड़क निर्माण एवं अतिरिक्त शाला भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बलौदाबाजार की अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना यादव रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री प्रशांत यादव उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती सुलोचना यादव सहित ग्राम सरपंच लुकेश्वर वर्मा, उपसरपंच यशवंत वर्मा, पूर्व सरपंच हलधर वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती सुलोचना यादव ने अतिरिक्त शाला भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा सड़क निर्माण के लिए 12 लाख रुपये, कुल 22 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सुलोचना यादव ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था के लिए विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का होना जरूरी है। विद्यालय भवन एवं आवागमन की सुविधा बेहतर होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा प्रदान करना जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांव के समग्र विकास के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
वहीं विशिष्ट अतिथि प्रशांत यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का विस्तार प्रगति का प्रतीक है। सड़क निर्माण से बरसात सहित सभी मौसमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं अतिरिक्त शाला भवन के निर्माण से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की आधारशिला है। इसलिए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने सड़क एवं अतिरिक्त शाला भवन निर्माण कार्य को पैजनी गांव के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल पैजनी के शाला विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश गायकवाड़, उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, पूर्व माध्यमिक शाला पैजनी के शाला विकास समिति अध्यक्ष गिरवर प्रसाद वर्मा, उपाध्यक्ष छुनिया देवी विश्वकर्मा, संस्थाप्रमुख संतोष कुमार पैकरा, प्रधानपाठक चूड़ामणि वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र जायसवाल, रोजगार सहायक हेमलाल वर्मा सहित पंचगण, गणमान्य नागरिक, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला के विद्यार्थी, रसोइया एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Back to top button